Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
6 घंटे पहले
ऋषि कपूर और रणधीर कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का मंगलवार को निधन हो गया। वे 58 साल के थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजीव को हार्ट अटैक आया था, जिसके तुरंत बाद उनके बड़े भाई रणधीर कपूर उन्हें चेम्बूर के इनलाक्स हॉस्पिटल ले गए थे, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक्टर रणबीर कपूर ने अपने चाचा राजीव कपूर को कंधा दिया। उनकी अंतिम यात्रा में उनके बड़े भाई रणधीर कपूर भी शामिल हुए।

रजा मुराद राजीव को अंतिम विदाई देने चेम्बूर स्थित उनके घर पहुंचे।

निधन की खबर मिलते ही भाभी नीतू कपूर और रणबीर चेम्बूर स्थित घर पहुंचे।
रणधीर कपूर ने दी राजीव के निधन की जानकारी
रणधीर कपूर ने एक न्यूज वेबसाइट से कहा, ‘मैंने अपने छोटे भाई राजीव को खो दिया है। डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे नहीं बच सके। मैं हॉस्पिटल में हूं और उनकी बॉडी का इंतजार कर रहा हूं।’ वहीं एक्ट्रेस नीतू कपूर ने भी सोशल मीडिया पर राजीव की फोटो शेयर करते हुए श्रद्धांजलि दी।
राजीव को राम तेरी गंगा मैली फिल्म से मिली थी पहचान
राजीव कपूर ने 1983 में रिलीज हुई फिल्म एक जान हैं हम से डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें पहचान 1985 में रिलीज हुई राम तेरी गंगा मैली फिल्म से मिली। राजीव नाग नागिन और अंगारे जैसी फिल्मों में भी बतौर एक्टर नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय स्टारर आ अब लौट चलें को प्रोड्यूस किया था। 1986 में रिलीज हुई ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित स्टारर प्रेम ग्रंथ में राजीव डायरेक्टर थे।
राजीव कपूर की फिल्मोग्राफी
बतौर एक्टर | एक जान हैं हम (1983), आसमान (1984), ‘मेरा साथी’ (1985), ‘लावा’ (1985), ‘राम तेरी गंगा मैली’ (1985), ‘लवर बॉय’ (1985), ‘अंगारे’ (1986), प्रीति (1986), जहरीला (1988), हम तो चले परदेस (1988), शुक्रिया (1988) नाग नागिन (1989), जिम्मेदार (1990) |
बतौर प्रोड्यूसर | आ अब लौट चलें (1999) |
बतौर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर | प्रेम ग्रंथ (1996), हिना (1991) |
बतौर एडिटर | आ अब लौट चलें (1999), प्रेम ग्रंथ (1996) |
बतौर डायरेक्टर | प्रेम ग्रंथ (1996) |
बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर | प्रेम रोग (1982), बीवी ओ बीवी (1996) |
7 महीने पहले ऋषि कपूर का निधन हुआ था
राजीव के मंझले भाई ऋषि कपूर का निधन 7 महीने पहले ही हुआ था। दो साल तक कैंसर से लड़ने के बाद 30 अप्रैल 2020 को 67 साल की उम्र में ऋषि ने मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली थी। इससे पहले 2018 में उनकी मां कृष्णा राज कपूर निधन हो गया था।
राजीव कपूर की नहीं कोई औलाद
राजीव कपूर ने 2001 में आर्किटेक्ट आरती सभरवाल से शादी की थी। हालांकि, दो साल बाद ही उनका तलाक हो गया था। उनकी कोई औलाद नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक के बाद आरती ने अपना बिजनेस कनाडा शिफ्ट कर लिया।
